बेरमो: आयकर विभाग द्वारा टीडीएस/टीसीएस पर एकदिवसीय सेमिनार आयोजित
बेरमो
आयकर विभाग, टीडीएस वार्ड, बोकारो द्वारा टीडीएस/टीसीएस (टैक्स डिडक्टेड एट सोर्स / टैक्स कलेक्टेड एट सोर्स) के विषय में एकदिवसीय सेमिनार का आयोजन मिडिल स्कूल कसमार के कांफ्रेंस हॉल में किया गया. इस कार्यक्रम में आयकर अधिकारी दीपक कुमार द्वारा उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को टीडीएस/टीसीएस की दरें, कटौती की सही प्रक्रिया और समय पर सरकारी खाते में राशि जमा करने की जानकारी दी गई.
दीपक कुमार ने सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डी.डी.ओ.) को टीडीएस की सही दर से कटौती और त्रैमासिक स्टेटमेंट समय पर फाइल करने का आग्रह किया. उन्होंने बताया कि गलत जानकारी देने के कारण करदाताओं के फॉर्म 26AS में टीडीएस परिलक्षित नहीं हो पाता, जिससे आयकर विवरणी दाखिल करने में समस्याएं उत्पन्न होती हैं. इसके अलावा, उन्होंने टीडीएस/टीसीएस से संबंधित नए प्रावधानों और समय पर कर जमा न करने की स्थिति में पेनाल्टी और अभियोजन की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की.
सेमिनार के दौरान, फॉर्म 12BB के प्रावधानों पर भी जानकारी दी गई, जो उन वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए अनिवार्य है, जो अपने निवेश या खर्च पर कर कटौती का दावा करना चाहते हैं. कार्यक्रम में कस्मार प्रखंड के सभी सरकारी कार्यालयों के डी.डी.ओ. और उनके अधीनस्थ कर्मचारियों ने भाग लिया.
अधिवक्ता संजीव कुमार ने टीडीएस रिटर्न फाइल करने की कठिनाइयों को कैसे दूर किया जा सकता है, इस पर विशेष जानकारी दी. सेमिनार के अंत में आयकर निरीक्षक मनोज कुमार झा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया.
