बेरमो: करगली में अर्पिता महिला मंडल द्वारा महिला सम्मान समारोह आयोजित
बेरमो/डेस्क
सीसीएल के ऑफिसर्स क्लब करगली में शनिवार को अर्पिता महिला मंडल बीएंडके की ओर से महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि बीएंडके जीएम चितरंजन कुमार और बीएंडके महिला मंडल की अध्यक्षा श्वेता कुमारी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया.
जीएम चितरंजन कुमार ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के बिना विकसित भारत की कल्पना नहीं की जा सकती. उन्होंने कहा कि पुरुषों की सफलता के पीछे महिलाओं का योगदान अहम होता है और समाज के निर्माण में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. महिलाओं के प्रति सोच में बदलाव से समाज तरक्की करेगा.
महिला मंडल की अध्यक्षा श्वेता सिंह ने कहा कि महिलाओं के सम्मान से ही देश गौरवान्वित होता है. उन्होंने लिंग समानता और महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि समाज में महिलाओं के साथ होने वाले दुर्व्यवहार को खत्म करने की जरूरत है.
कार्यक्रम में महिलाओं ने स्वागत गान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. सीसीएल की महिला कर्मियों द्वारा गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया गया. इस अवसर पर स्वावलंबन के लिए कार्य करने वाली महिला मुखिया कंचन देवी और माहेर संस्था बेरमो की संयोजक ललिता किंडू को अंगवस्त्र, उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
इसके अलावा, उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेक्षा मिश्रा, सुजाता कुमारी, पुष्पांजलि तिवारी, किरण सिंह, प्रियंका सिंह, अर्चना कुमारी, मालती दत्ता, मुन्नी कुमारी, सीआईएसएफ और होमगार्ड सहित 35 महिला कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया.
कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्मिक प्रबंधक प्रेक्षा मिश्रा ने किया. अर्पिता महिला मंडल की पदाधिकारी प्रियंका चौबे, सीता साहू, सुनीता झा सहित कई सदस्य उपस्थित थीं. इस मौके पर एएफएम जी चौबे, करगली पीओ एन के सिंह, एकेकेओसीपी पीओ एस के सिंह, एसओइएंडएम जयशंकर प्रसाद, एसओ पीएंडपी एस के झा, कार्मिक प्रबंधक पी एन सिंह सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद थीं.
