बेरमो की चार प्रमुख खबरें
ढोरी में नमाज के बाद मुल्क में अमन की दुआएं मांगी गईं
बेरमो
फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के ढोरी स्टाफ क्वार्टर स्थित मस्जिद बिलाल में मौलाना मुबारक और मौलाना मोहिउद्दीन की सरपरस्ती में अलविदा जुमे की नमाज़ शांतिपूर्वक अदा की गई। इस अवसर पर परवेज़ अख्तर, महफूज आलम, हाजी सेराज, इंतिसार अहमद, ताज मोहम्मद, जियाउल हक़ समेत अन्य अकीदतमंदों ने नमाज़ अदा की। नमाजियों ने अपने हाथों में काला बिल्ला बांधकर वक़्फ़ बोर्ड बिल की मुख़ालफ़त का इज़हार किया और मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी।

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, ढोरी में तीन दिवसीय आचार्य कार्यशाला
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, ढोरी स्टाफ क्वार्टर में तीन दिवसीय आचार्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के आचार्यों को पठन-पाठन की नवीनतम विधियों की जानकारी दी गई। उद्घाटन मुख्य अतिथि अरविंदो सोसायटी करगली के चेयरमैन मघूसूदन प्रसाद सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष ओम शंकर सिंह, प्रधानाचार्य परमानंद सिंह, पंकज पांडेय और मंजू सिंह ने किया। कार्यशाला में योग, आध्यात्मिक विकास और शैक्षिक योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

कस्तूरबा श्री विद्यानिकेतन में वार्षिक परीक्षा परिणाम की घोषणा
कस्तूरबा श्री विद्यानिकेतन, ढोरी में वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि गौतम मोहंती (जीएम विद्युत एवं यांत्रिक विभाग, ढोरी क्षेत्र) और विशिष्ट अतिथि डॉक्टर शैल्या, राजेंद्र अग्रवाल (मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष) सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। परीक्षा प्रभारी कुमार गौरव ने परीक्षा परिणामों की घोषणा की और छात्रों को मेहनत व सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित किया।

मईया सम्मान योजना को लेकर ढोरी में लगाया गया कैंप
फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में मईया सम्मान योजना के तहत चार दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। तीसरे दिन ढोरी स्टाफ क्वार्टर स्थित मध्य विद्यालय में शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें वार्ड संख्या 14, 15, 16, 17, 18, 19 और 21 के लाभुकों ने भाग लिया। इस दौरान 4292 महिलाओं के खाते में पैसा न आने की समस्या सामने आई। लाभुकों की शिकायतें दर्ज की गईं, लेकिन संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शिविर में अनुपस्थित रहे, जिससे लाभुकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 29 मार्च को वार्ड संख्या 20 से 28 के लिए वार्ड विकास केंद्र नियर एबी सिंह पेट्रोल पंप के पास शिविर का आयोजन किया जाएगा।
