बेरमो: जन वितरण प्रणाली के उपभोक्ताओं ने गांव में राशन वितरण मांग को लेकर किया सड़क जाम
गोमिया
गोमिया प्रखंड के होन्हे चौक पर मंगलवार को जन वितरण प्रणाली के राशन कार्डधारी ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. उनकी मांग है कि उन्हें अपने गांव में ही राशन दिया जाय. दरअसल उनके गांव से करीब 8-10 किलोमीटर दूर कंडेर गांव में जन वितरण प्रणाली का दुकान है. वहां से बुजुर्गों और महिलाओं को राशन लाने में काफी परेशानी होती है. वे एक महीने पहले इस संबंध में विधायक के माध्यम से जिला आपूर्ति पदाधिकारी (DSO) को पत्र दिया था, जिसमें नजदीक उनके गांव में ही राशन उपलब्ध कराने की मांग की थी, लेकिन एक माह होने को है, इसके बावजूद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण ग्रामीण सड़क पर उतर आए. उन्होंने कहा है कि जब तक गांव में आकर डीलर राशन वितरण नहीं करता है तब तक वे राशन नहीं लेंगे. आज भी ग्रामीणों ने सितंबर माह का राशन नहीं लेने का एक पत्र डीएसओ के नाम दिया है. मौके पर काशीनाथ महतो, जगलाल सोरेन, भुनेश्वर महतो, प्रभु कुमार, नारायण मुंडा, दासो मांझी, धनेश्वर करमाली, पारस कुमार महतो, कुंवर देवी, पारो देवी, लालजी टुडू सहित अन्य लोग शामिल थे.
वार्ता के बाद सड़क जाम समाप्त
सड़क जाम की सूचना मिलते ही महुआटांड थाना प्रभारी रंजीत यादव दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क जाम हटवाया. उन्हें आश्वासन दिया कि प्रखंड आपूर्ति विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है, शीघ्र ही समाधान होगा.
एमओ ने क्या कहा
गोमिया प्रखंड के आपूर्ति पदाधिकारी बिजेंद्र कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं के आवेदन मिलने के बाद स्थल जांच की गई है और रिपोर्ट वरीय पदाधिकारियों को भेज दी गई है. जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा.
