बेरमो: डिपारमेंटल का काम ऑउट सोर्सिंग कंपनी को सौपना प्रबंधन की भूल: विल्सन फ्रांसिस
Kathara: सीसीएल कथारा क्षेत्र के जारंगडीह कोलियरी की खुली खदान में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन (आरसीएमयू) द्वारा शुक्रवार को पीट मीटिंग का आयोजन किया गया. इस बैठक की अध्यक्षता मो. सनाउल्लाह ने की और संचालन जितेन्द्र पासवान ने किया. इस अवसर पर यूनियन के कथारा क्षेत्रीय सचिव विलसन फ्रांसिस ने कहा कि जारंगडीह कोलियरी में कार्यरत आउटसोर्सिंग कंपनी ने पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में कोलियरी को काफी पीछे धकेल दिया है. पिछले वित्तीय वर्ष में जारंगडीह कोलियरी ने पूरे क्षेत्र में सबसे अधिक कोयला उत्पादन किया था, लेकिन प्रबंधन द्वारा डिपार्टमेंटल कार्य बंद करके दोनों पैचों को आउटसोर्सिंग कंपनी के हाथों सौंपना एक बड़ी गलती थी, जिसका परिणाम अब स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है.
उन्होंने बताया कि आरसीएमयू के केंद्रीय अध्यक्ष और बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह की पहल पर डिपार्टमेंटल कार्य को फिर से शुरू करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है. इस प्रक्रिया के तहत बाहर भेजी गई मशीनों को वापस लाया गया है और आरआर शॉप ऑफिस बिल्डिंग को तोड़ने का काम भी शुरू हो चुका है. प्रबंधन ने जल्द अन्य संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है, जिससे उत्पादन का लक्ष्य अवश्य पूरा हो सकेगा.
इस अवसर पर संतोष पांडेय, अनंत कुमार, संतोष मंडल, सुरेश शर्मा, नेमचंद मंडल, दयाल दास, शिबू चक्रवर्ती सहित कई अन्य लोग भी उपस्थित थे.
