बेरमो: न्यायालय में तीन मामलों का आपसी समझौते के बाद दोनों पक्षों को दिया गया पौधा
Tenughat: तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल के न्यायालय में तीन मामलों का समझौते के आधार पर निष्पादन किया गया. समझौते के बाद दोनों पक्षों को पौधा देकर यह संदेश दिया गया कि वे अपने रिश्तों में हमेशा सुलह और शांति बनाए रखें. इस पहल का उद्देश्य यह था कि भविष्य में कोई विवाद न हो और दोनों पक्ष समन्वय के साथ आगे बढ़ें.
पहले मामले में बेरमो थाना कांड संख्या 179/2020 के अंतर्गत पति-पत्नी के विवाद का निपटारा किया गया. पत्नी शबाना खातून और पति मोहम्मद अनवर के बीच आपसी समझौते के बाद मामला समाप्त हुआ. उनके पुत्र सिकंदर की उपस्थिति में दोनों खुशी-खुशी न्यायालय से विदा हुए. इस मामले में सहायक लोक अभियोजक आशीष कुमार तिवारी, अधिवक्ता जीवन सागर और बचाव पक्ष के अधिवक्ता सुभाष कटरियार और वैद्यनाथ शर्मा ने बहस की.
दूसरे और तीसरे मामले में बेरमो थाना कांड संख्या 136/21 और कांड संख्या 5/22 के अंतर्गत जमीन विवाद से जुड़े आपसी मारपीट के मामलों को समझौते के माध्यम से सुलझाया गया. इसमें आरोपी रहीना बीवी, इजराइल अंसारी, एनुल हक, नेहाल अहमद, मोहम्मद नजरुल इस्लाम, मुस्तरिन परवीन उर्फ गुड़िया, हमीदा खातून, शहजादी परवीन, बेबी परवीन, मोहम्मद शहजाद अंसारी, और मोहम्मद शाहीद उर्फ बबलू के बीच समझौता कराया गया. दोनों पक्षों को न्यायालय से विदा करते समय एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल, सहायक लोक अभियोजक आशीष कुमार तिवारी और अधिवक्ताओं शम्सजहां अंसारी और मनोज चौबे की भूमिका सराहनीय रही.
