बेरमो: प्रसिद्ध व्यवसायी सुनील सिंह के बंद आवास से लाखों रुपये सहित जेवरात की चोरी
Gomia: गोमिया थाना क्षेत्र के स्वांग दक्षिणी पंचायत के आदर्श नगर कॉलोनी में रविवार रात सुनील सिंह के बंद आवास में अज्ञात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर घर में रखे जेवर और नगदी चोरी कर ली. सोमवार की दोपहर लगभग 3 बजे, जब घर की सफाई करने वाली दाई पहुंची, तो उसने देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। उसने तुरंत इस घटना की सूचना आसपास के लोगों को दी और आवास मालिक सुनील सिंह को फोन पर जानकारी दी.
सुनील सिंह ने इस घटना की सूचना अपने भाई सुधीर सिंह और संधीर सिंह को दी, जो स्वांग में ही रहते हैं। दोनों भाई तुरंत आवास पर पहुंचे और गोमिया पुलिस को घटना की सूचना दी. गोमिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी.

संधीर सिंह ने बताया कि जब वे घर में घुसे, तो सारा सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने घर से लगभग 25 लाख रुपये के जेवर और चार लाख रुपये नगद चोरी कर लिए. साथ ही, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी चोर अपने साथ ले गए। चोरों ने चोरी के दौरान घर में रखे खाने-पीने की चीजों का भी सेवन किया.
घटना की सूचना मिलते ही गोमिया थाना प्रभारी नित्यानंद भोक्ता ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. उन्होंने बताया कि पुलिस चोरों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और आवश्यक छानबीन जारी है.
