बेरमो: विश्व हिंदू परिषद ने 60 वां स्थापना दिवस मनाया
गोमिया
विश्व हिंदू परिषद ने गोमिया स्वांग स्थित शिव मंदिर में 60वां स्थापना दिवस मनाया गया. इस अवसर पर प्रखंड के 14 पंचायतों के सदस्यों ने भाग लिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अजीत कुमार सिन्हा ने की, जबकि मंच का संचालन जिला सह मंत्री शिशु कुमार ठाकुर द्वारा किया गया.
मुख्य अतिथि के रूप में प्रांत सेवा समिति के सदस्य विनय कुमार मौजूद थे. उन्होंने कहा कि दूसरे धर्म के लोग गोमिया में भी लालच देकर धर्म परिवर्तन का काम करा रहे हैं. ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है. इसके साथ ही सनातन परंपरा को जीवंत रखने के हर हिन्दू धर्म के लोगों को कुछ समय निकालकर अपने अपने मंदिरों में जाकर चर्चा करनी चाहिए ताकि हिंदुस्तान में रहने वाले हिंदू अपनी राष्टीयता को बरकरार रख सके. यदि ऐसा नहीं होता है तो आने वाले पंद्रह बीस साल में बांग्लादेश की जैसी स्थिति होने का खतरा है. मंच पर विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री दिलीप कर्मकार तथा जिला सह मंत्री महेश स्वर्णकार उपस्थित थे. सभा को महेश स्वर्णकार ने भी संबोधित किया. अतिथियों में बोकारो जिला परिषद की अध्यक्षा सुनीता देवी, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र राज, और चितरंजन साव, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संचालक अरविंद कुमार के साथ-साथ स्वांग दक्षिणी के पूर्व मुखिया धनंजय सिंह भी प्रमुख रूप से शामिल थे.
कार्यक्रम के दौरान कुछ नए दायित्वों की घोषणा भी की गई. दिलीप प्रजापति को गोमिया प्रखंड मंत्री, अभिषेक गुप्ता को प्रखंड उपाध्यक्ष, और रोशन सोनी को बजरंग दल सह संयोजक का दायित्व दिया गया. मौके पर सुमित कुमार, अमित कुमार, दीपक स्वर्णकार, रोहित यादव, अशोक पासवान, संजीत कुमार, परमेश्वर कांडू, सुमंजय सिंह, मृत्युंजय सिंह, और अजय कुमार सोनी शामिल थे.
