बेरमो: सीसीएल सीएसआर मद से बना सोलर जलमीनार पड़ा है बेकार
Gomia: गोमिया प्रखंड के गोमिया पंचायत अंतर्गत मध्य दुर्गा मंदिर परिसर में एक डीप बोरिंग और सोलर युक्त जल मीनार का निर्माण किया गया है. यह योजना सीसीएल कथारा क्षेत्र के सीएसआर मद से डेढ़ वर्ष पूर्व बनाया गया था. इस जलमीनार का उद्देश्य कुम्हार टोला सहित आसपास के ग्रामीणों क्षेत्रों में पेयजल संकट से निजात दिलाना था, लेकिन, पिछले तीन महीनों से यह जल मीनार बंद पड़ा है, जिससे इलाके में पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है.
ग्रामीणों को अब दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता है, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है. स्थानीय निवासी मनीष भंडारी ने बताया कि मोटर में तकनीकी खराबी के कारण जल मीनार बंद पड़ा है. दरअसल मोटर पंप मापदंड के अनुसार नहीं लगाया गया है. इसलिए तुरंत खराब हो गया. बता दें कि सीसीएल में भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान चलाया जाता है. अधिकारी और कर्मचारी शपथ लेते हैं लेकिन जो इनके द्वारा कार्य किया जाता है वह सबके सामने है. ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर 22 अगस्त को विधायक डॉ. लंबोदर महतो को आवेदन भी दिया था, लेकिन वहां से भी कोई समाधान नहीं निकला.
कुम्हार टोला के ग्रामीणों को कोनार नदी से पेयजल आपूर्ति होती है, लेकिन वह भी 8 से 10 दिनों में एक बार ही उपलब्ध हो पाता है. इस स्थिति में ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, और वे जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान चाहते हैं.
