बेरमो: स्कोर्पियो के चपेट में आने से बाइक सवार की हुई दर्दनाक मौत
नावाडीह
बेरमो- डुमरी मुख्य पथ पर नावाडीह थाना अंतर्गत गोबर गढ़ा के पास एक सड़क दुर्घटना में हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड के मडमो निवासी 32 वर्षीय दीपक रविदास की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, दीपक अपनी बहन को फुसरो से छोड़कर वापस अपने घर मडमो गांव लौट रहा था, जब वह गोबर गढ़ा के निकट पहुंचा उसी समय विपरीत दिशा से आ रही स्कार्पियो ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयंकर थी कि स्कार्पियो ने बिजली के पोल को तोड़ते हुए एक खेत में जाकर उलट गई.
दुर्घटना स्थल पर ही दीपक रविदास की मौत हो गई थी. स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घायल दीपक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नावाडीह पहुंचाया, जहां डॉक्टर अमरजीत कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
स्कार्पियो में कुल चार लोग सवार थे, जो सभी पश्चिम बंगाल के हावड़ा के निवासी हैं. ये लोग झारखंड घूमने आए थे और मधुबन पारसनाथ का दर्शन कर बेरमो के तेनुघाट जा रहे थे. तभी यह हादसा हुआ. दुर्घटना के बाद स्कार्पियो में सवार दो लोग घटनास्थल से फरार हो गए, जबकि बाकी दो लोगों को स्थानीय थाना पुलिस की निगरानी में रखा गया है.
घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना प्रभारी रवि कुमार, झामुमो प्रखंड सचिव सोनाराम हेंब्रम, झामुमो नेता मुस्तकीम राय, हाफिज राय, और इसराइल राय समेत अन्य लोग अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली.
