बेरमो: हाथी ने किया घर ध्वस्त, सो रहे दंपति भागे जान बचाकर
गोमिया
पिछले तीन दिनों से एक हाथी बेरमो अनुमंडल के कई क्षेत्रों में आतंक मचा रखा है. बीती रात गोमिया प्रखंड के सियारी पंचायत अंतर्गत दारीदाग गांव में रात के करीब 2 बजे राजेश मांझी के घर को ध्वस्त कर दिया और घर पर रखे मकई सहित अन्य अनाज को चट कर गया. इस संबंध में गोमिया प्रखंड प्रमुख प्रमीला चौड़े और सियारी पंचायत के मुखिया रामबृक्ष मुर्मू ने बताया कि राजेश मांझी अपने परिवार के साथ घर पर सो रहे थे. अचानक उसके घर की मिट्टी का दीवार टूट कर गया गिरा. मिट्टी का ढेर गिरते ही वे नींद से जागे तो देखा सामने हाथी दीवार के दूसरी ओर खड़ा है. वह दोनों पति-पत्नी वहां से जान बचाकर भागे और अन्य ग्रामीणों को सूचना देकर जगाया. इसके बाद ग्रामीण उसे आग जलाकर वहां से हाथी को भगाया.

इसी प्रकार नावाडीह प्रखंड के डेगागढा नव प्राथमिक विद्यालय का दीवार तोड़कर अंदर रखे मिड-डे मील (एमडीएम) का चावल खा गया. इसके बाद सोमवार की दोपहर को नावाडीह की ओर से हाथी विचरण करते हुए बोकारो थर्मल के नई बस्ती होकर गोमिया प्रखंड के खम्हरा पंचायत के गांव में प्रवेश कर गया. शाम को हाथी के आगमन से ग्रामीण चिंतित थे. वन विभाग का रेस्क्यू टीम भी हाथी के विचरण को देखते हुए ग्रामीणों को एहतियात बरतने का सलाह दिया है. हाथी के साथ-साथ वह भी उनके पीछे लगे हुए हैं. देर रात रात हाथी सियारी पंचायत के क्षेत्र में प्रवेश कर गया और रात को उक्त घटना को अंजाम दिया. अभी भी वन विभाग के दुर्गा हेंब्रम और नेहरू प्रजापति सहित अन्य कर्मी हाथी को जंगल की ओर मूव कराने में लगे हुए हैं. उनका कहना है कि यह हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया है. पैर पर उसे चोट भी लगी हुई है, जिसके कारण वह भी विचलित है. ग्रामीण से अपील किया है कि उसे तंग ना करें.
