बेरमो: 52 घंटे बाद मिली दामोदर नदी में छलांग लगाने वाली युवती का शव
नंदलाल/बेरमो
फुसरो स्थित दामोदर नदी से एक 29 वर्षीय युवती का शव लगभग 52 घंटे बाद बरामद किया गया. गुरुवार को बोकारो से आई श्वेता कुमारी नामक युवती ने फुसरो स्थित हिंदुस्तान पूल से दामोदर नदी में छलांग लगा दी थी, जिसके बाद वह पानी के तेज बहाव में बह गई थी.
शव को खोजने के लिए बेरमो पुलिस ने 10 गोताखोरों की टीम लगाई थी, जो लगातार खोज अभियान में जुटी रही. अंततः शनिवार की शाम को गोताखोरों को सफलता मिली, जब चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के भंडारीदह स्थित नए पूल के पास युवती का शव बरामद किया गया.
श्वेता के पिता, अजय बरनवाल, ने बताया कि वह उनकी सबसे छोटी बेटी थी और गुरुवार को पूरे परिवार के साथ साईं मंदिर जाने की योजना थी. हालांकि, श्वेता ने अकेले स्कूटी से मंदिर जाने की बात कही और इसके बाद वह मंदिर न जाकर फुसरो पहुंच गई, जहां उसने यह दुखद कदम उठाया.
शव को खोजने में गोताखोरों की टीम में अनिल रविदास, जलाल अंसारी, शाहिद अंसारी, मुकेश नायक, नूर अहमद, श्रमद अंसारी, विकास कुमार, हैदर अंसारी, और जिब्राइल अली शामिल थे. इस खोज में युवा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष आर उनेश और बरनवाल युवा संघ के सदस्यों का भी विशेष योगदान रहा.
