बोकारो जिला में अब तक मंइयां योजना के दो लाख आवेदन हुए संग्रह
Bokaro: झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (JMMSY) के तहत जिले में आवेदन संग्रहण केंद्रों और शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें गुरुवार को शाम 5 बजे तक कुल 30,049 आवेदन प्राप्त हुए. अब तक, जिले में इस योजना के तहत कुल 2,05,003 आवेदन प्राप्त हुए हैं, और इन आवेदनों को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया जारी है.
इस योजना का उद्देश्य 21 से 50 वर्ष की महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है, जिसमें प्रत्येक महिला को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता दी जाएगी. जिले के सभी पंचायत सचिवालयों, वार्डों और आंगनबाड़ी केंद्रों को आवेदन संग्रहण केंद्र बनाया गया है, और 15 अगस्त तक इन केंद्रों पर आवेदन जमा किए जा सकते हैं.
उपायुक्त विजया जाधव के निर्देश पर जिले के वरीय पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रखंडों में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि महिलाओं को आवेदन जमा करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो. निरीक्षण करने वाले अधिकारियों में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण की निदेशक मेनका अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, अपर नगर आयुक्त अनंत कुमार और अन्य शामिल थे.
इस योजना के तहत आवेदन के लिए महिलाओं को झारखंड का निवासी होना, 21 से 50 वर्ष की आयु के बीच होना, और आवश्यक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य है. अगर किसी से आवेदन फार्म के बदले में राशि की मांग की जाती है, तो उसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से करने की सलाह दी गई है.
सरकार का लक्ष्य है कि जिले के 5,52,351 महिलाओं को इस योजना से जोड़ा जाए, और इसके लिए आवेदन संग्रहण का कार्य तेजी से चल रहा है.
