बोकारो थर्मल ओवरब्रिज पर हादसा: गाय को बचाने के प्रयास में छात्र गिरा, परिजन शोकाकुल
डेस्क
डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा में कक्षा 11वीं में पढ़ाई कर रहा रौनक कुमार यादव (19 वर्ष), रविवार को एक हादसे का शिकार हो गया। कथारा भलटोंगारिया निवासी हीरालाल यादव के पुत्र रौनक यादव किसी कार्यवश बोकारो थर्मल जा रहा था। इसी दौरान कथारा-बोकारो थर्मल के बीच बने ओवरब्रिज पर एक गाय को बचाने के प्रयास में वह असंतुलित होकर गिर गया और ग्रिल से टकरा गया।
राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत डीवीसी बोकारो थर्मल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
रौनक परिवार में माता-पिता और एक छोटे भाई के साथ रहता था। घटना की सूचना मिलते ही घर में शोक का माहौल गहरा गया है। पढ़ाई में होनहार और विनम्र स्वभाव का रौनक अपने मोहल्ले और स्कूल में सबका चहेता था।
स्थानीय लोगों और स्कूल के शिक्षकों ने घटना पर गहरा दुख जताया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है।