बोकारो: रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, बोकारो में हालात सामान्य – उपायुक्त विजया जाधव
मृतक के परिजनों को मिलेगा 25 लाख मुआवजा और परिवार से एक सदस्य को नौकरी, तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित
बोकारो/डेस्क
रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बोकारो जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त विजया जाधव और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने संयुक्त रूप से संवाददाता सम्मेलन कर जिले की विधि-व्यवस्था और हाल के घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले की स्थिति सामान्य है और आमजन अपने दैनिक जीवन में लौट चुके हैं।
एडीएम बिल्डिंग के पास प्रदर्शन के बाद की कार्रवाई
उपायुक्त ने बताया कि बीएसएल प्लांट के एडीएम बिल्डिंग के पास विस्थापित अप्रेंटिस संघ द्वारा किए गए प्रदर्शन और उसके बाद के घटनाक्रम की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है। कमेटी की अध्यक्षता चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढ़ांडा करेंगी, जबकि नगर पुलिस उपाधीक्षक एवं कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी सदस्य होंगी। यह कमेटी सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर प्रतिवेदन सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के परिजनों को मुआवजा और नौकरी
उपायुक्त ने बताया कि धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में मृत प्रेम कुमार महतो के परिजनों को बीएसएल प्रबंधन द्वारा 25 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी है। मुआवजा राशि का चेक और नियुक्ति पत्र तैयार है। वहीं, विस्थापितों की अन्य मांगों को लेकर अब हर महीने 15 तारीख को बीएसएल प्रबंधन और विस्थापितों के बीच बैठक होगी, जिसमें जिला नियोजन पदाधिकारी और अपर समाहर्ता भी शामिल रहेंगे।
रामनवमी की तैयारी पूरी, ड्रोन और CCTV से निगरानी
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन से भी निगरानी रखी जा रही है। चास अनुमंडल क्षेत्र में धारा 163 लागू है।
असामाजिक तत्वों पर नजर, होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने साफ किया कि जिले में किसी प्रकार की विधि-व्यवस्था में बाधा पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मीडिया को दिया धन्यवाद
अंत में उपायुक्त ने मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा विधि व्यवस्था संधारण में दिए गए सहयोग और इनपुट के लिए आभार जताया। मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत विभिन्न प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद थे।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी जिलावासियों से अपील की है कि वे रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं तथा विधि व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
