भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी ने मनाया कांशीराम जी का 18वां परिनिर्वाण दिवस
बेरमो/डेस्क
फुसरो के पुराना बीडीओ ऑफिस ढोरी में भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) द्वारा कांशीराम जी का 18वां परिनिर्वाण दिवस श्रद्धांजलि के साथ मनाया गया. इस अवसर पर कांशीराम जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर और कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी गई.
कार्यक्रम की अध्यक्षता भीम आर्मी बोकारो जिला अध्यक्ष गोवर्धन रविदास और आज़ाद समाज पार्टी के बेरमो विधानसभा प्रभारी एवं प्रत्याशी मंजूर आलम ने संयुक्त रूप से की. उन्होंने कांशीराम जी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कांशीराम जी ने शोषित और पीड़ित समाज को एकजुट किया और चार बार उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में सरकार बनवाई. उन्होंने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चन्द्रशेखर आज़ाद जी कांशीराम जी के नक्शे कदम पर चलते हुए दबे-कुचले समाज की आवाज़ संसद से लेकर सड़कों तक उठा रहे हैं.
आने वाले बेरमो विधानसभा चुनाव के बारे में उन्होंने बताया कि आज़ाद समाज पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी. सभी भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे गांव-गांव जाकर पार्टी और प्रत्याशी के पक्ष में जनसमर्थन जुटाएं. उन्होंने यह भी घोषणा की कि माननीय सांसद चन्द्रशेखर आज़ाद जी जल्द ही बेरमो विधानसभा का दौरा करेंगे, जिसके लिए हरी झंडी मिल चुकी है.
इस मौके पर फुसरो नगर कमेटी अध्यक्ष नकुल रविदास, बेरमो प्रखंड उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, अशोक भुईयां, राजेश राम, रवि कुमार, फौजी खान, शैलेश घासी, किशोरी, राज नायक, सतेंद्र राम, और प्रकार तुरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे. सभी ने कांशीराम जी के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज के उत्थान के लिए समर्पण की शपथ ली.
