मई दिवस पर डीवीसी मजदूर यूनियन कार्यालय में हुआ कार्यक्रम, मजदूर हितों की रक्षा का लिया संकल्प
बोकारो थर्मल
झारखंड चौक स्थित डीवीसी मजदूर यूनियन कार्यालय में बुधवार को मई दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वरीय नेता जानकी महतो ने झंडोतोलन कर की। इस अवसर पर यूनियन के बेरमो अंचल सचिव ब्रज किशोर सिंह ने कहा कि मई दिवस पूरी दुनिया में मजदूरों के संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। 136 वर्ष पहले शिकागो में मजदूरों ने अपने प्राणों की आहुति देकर 8 घंटे कार्य, 8 घंटे आराम और 8 घंटे मनोरंजन का सिद्धांत लागू कराया था।
ब्रज किशोर सिंह ने कहा कि मजदूरों की लंबी लड़ाई के बाद उन्हें कई कानूनी अधिकार मिले, लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार इन अधिकारों को छीनने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले मौजूद 44 श्रम कानूनों को बदलकर 4 श्रम कोड बना दिए गए हैं, जो मजदूरों की बजाय निजी कंपनियों के हित में ज्यादा फायदेमंद हैं। इन कोड्स के लागू होने से मजदूरों के कई मौलिक अधिकार खत्म हो जाएंगे और वे एक तरह से आधुनिक गुलामी की ओर धकेल दिए जाएंगे।
उन्होंने बोकारो थर्मल क्षेत्र के मजदूरों से आह्वान किया कि वे डीवीसी प्रबंधन के खिलाफ एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करें।
वरिष्ठ नेता जानकी महतो ने अपने संबोधन में कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार देश को जाति और धर्म के नाम पर बांटकर लोगों को आपस में लड़वाना चाहती है, ताकि असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके।
सभा को मो. शाहजहां, रामेश्वर साव, नवीन पाठक और मनिरुद्दीन ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में असीम तिवारी, पप्पू शर्मा, अर्जुन राम, ओमप्रकाश, इरशाद, टीपू, विकास चौहान, अमृत महतो, अनिल घांशी, गणेश नायक, आबिद परवेज, रंजीत राम, संतोष यादव, मो. शेफीयू, रंजीत ठाकुर, प्रेमचंद महतो, बंकीम चंद्र राय सहित कई मजदूर नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
