Homeबोकारोमजदूर नेता सूर्यनाथ सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर श्रमिक कल्याण और एकता...

मजदूर नेता सूर्यनाथ सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर श्रमिक कल्याण और एकता दिवस का आयोजन

मजदूर नेता सूर्यनाथ सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर श्रमिक कल्याण और एकता दिवस का आयोजन

बेरमो
प्रसिद्ध मजदूर नेता सूर्यनाथ सिंह की 10वीं पुण्यतिथि को महिला मंडल, करगली में श्रमिक कल्याण और एकता दिवस के रूप में मनाया गया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और मजदूर संगठनों के नेताओं और अधिकारियों ने भाग लिया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम की अध्यक्षता मजदूर नेता रणविजय सिंह ने की और संचालन इनमोसा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने किया.

सूर्यनाथ सिंह: मजदूर मसीहा के रूप में याद किए जाएंगे

बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “सूर्यनाथ सिंह ने कोयला मजदूरों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया. उन्होंने संघर्षों से अपनी पहचान बनाई और जात-पात तथा बाहरी-भीतरी की राजनीति से दूर रहकर मजदूरों के कल्याण के लिए कार्य किया. पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय ने कहा, “सूर्यनाथ सिंह हमेशा मजदूर मसीहा के रूप में याद किए जाएंगे और उनके सिद्धांतों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है.

मजदूरों के हित में अद्वितीय योगदान

पूर्व सांसद रविन्द्र कुमार पांडेय और पूर्व विधायक योगेश्वर महतो ने कहा, “आज कोयला मजदूरों की स्थिति दिन-ब-दिन खराब हो रही है, लेकिन सूर्यनाथ सिंह ने हमेशा मजदूरों और गरीबों की आवाज बुलंद की. उनके द्वारा किए गए कार्यों को भुलाया नहीं जा सकता. सीसीएल ढोरी के जीएम रंजय सिंह ने कहा, “बेरमो की समावेशी परंपरा, जिसे सूर्यनाथ बाबू ने साकार किया, देश में बहुत कम जगह देखने को मिलती है.

सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि

इस अवसर पर कई प्रमुख नेता, समाजसेवी और अधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि दी. पूर्व प्रमुख अनिता गुप्ता, जिप सदस्य नीतू सिंह और भाजपा नेता प्रकाश कुमार सिंह ने कहा कि सूर्यनाथ बाबू ने हमेशा मजदूरों के हितों के लिए संघर्ष किया और उनकी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं था. सीपीआई नेता आफताब आलम ने कहा, “आज की पीढ़ी के यूनियन नेताओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए ताकि श्रमिक एकता मजबूत हो सके.

निशुल्क चिकित्सा शिविर और भजन प्रस्तुति

कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया. वहीं गायक जयप्रकाश चौहान और कौशल अलवेला की टीम ने भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया.

कार्यक्रम में सीसीएल के अधिकारी, मजदूर नेता और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए. श्रद्धांजलि देने वालों में एसओपी प्रतुल कुमार, पीओ शैलेश प्रसाद, पूर्व चेयरमैन राकेश कुमार सिंह, समाजसेवी उषा सिंह, और कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!