मांडू विधायक तिवारी महतो के बयान पर जेएलकेएम का विरोध प्रदर्शन, गोमिया और फुसरो में पुतला दहन
गोमिया/फुसरो।
मांडू विधानसभा के विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो द्वारा डुमरी विधायक और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो के खिलाफ कथित रूप से अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने पर मंगलवार को जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने गोमिया और फुसरो में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
गोमिया में कार्यकर्ताओं ने काली मंदिर से जुलूस निकालकर बैंक मोड़ तक मार्च किया और विधायक तिवारी महतो का पुतला दहन किया। वहीं, फुसरो में पुराना बीडीओ कार्यालय परिसर में नगर अध्यक्ष निर्मल महतो के नेतृत्व में पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता “तिवारी महतो मुर्दाबाद”, “तिवारी महतो इस्तीफा दो” जैसे नारे लगा रहे थे। गोमिया में पुतला दहन का नेतृत्व जेएलकेएम नेत्री और गोमिया विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी पूजा महतो ने किया। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम में तिवारी महतो द्वारा दिए गए बयान में जयराम महतो के साथ-साथ उनकी मां के लिए भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जो न केवल शर्मनाक है, बल्कि झारखंड की अस्मिता पर सीधा प्रहार है।
पूजा महतो ने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना की आजादी है, लेकिन किसी की मां के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना तिवारी महतो की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विधायक की भाषा शैली में बदलाव नहीं आया, तो 2029 के चुनाव में मांडू और गोमिया से आजसू पार्टी का सफाया तय है।
फुसरो में वक्ताओं ने कहा कि जयराम महतो लगातार खतियानी आंदोलन, जेपीएससी-जेएसएससी में पारदर्शिता, भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जैसे जनहित के मुद्दों को उठा रहे हैं। ऐसे जनप्रतिनिधि के लिए अपशब्द कहना निंदनीय है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में पूजा महतो, डॉ. बसंती हेम्ब्रम, चेतलाल महतो, ब्रजेश महतो, बसंत प्रसाद, प्रमोद पासवान, शैलेश महतो, दिलीप पासवान, अनिल साव, दीपक यादव, प्रभु महतो, रामदेव राम, निर्मल महतो, अमन रवि, चंद्रदेव महतो, रोशन महतो, राज गिरी, हाशिम अंसारी, केडी महतो, विनोद चौहान, राहुल पासवान, संजय चौधरी, प्रीतम महतो, उदित मुंडा, सोनू महतो, किशोर महतो, प्रदीप महतो, सहदेव महतो, सूरज महतो, लोकनाथ महतो, नकुल महतो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।