Homeबोकारोराघवन परिवार की अनूठी पहल: IIT ISM धनबाद में आर्थिक रूप से...

राघवन परिवार की अनूठी पहल: IIT ISM धनबाद में आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं के लिए एक करोड़ की छात्रवृत्ति योजना शुरू

राघवन परिवार की अनूठी पहल: IIT ISM धनबाद में आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं के लिए एक करोड़ की छात्रवृत्ति योजना शुरू

बेरमो/नंद कुमार सिंह

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात सामने आई है। कोल फील्ड मजदूर यूनियन (सीएमयू) के महामंत्री आर.वी. रघुनंदन और उनके परिवार ने आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में “जी.वी. राघवन शताब्दी स्मृति छात्रवृत्ति योजना” के तहत 1 करोड़ रुपए का दान दिया है। इस राशि से खनन इंजीनियरिंग, अनुप्रयुक्त भू-विज्ञान, अनुप्रयुक्त भू-भौतिकी और पेट्रोलियम इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में प्रवेश लेने वाली आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को छात्रवृत्ति दी जाएगी।
प्रति वर्ष चार से पांच छात्राओं को इस योजना का लाभ मिलेगा और छात्रवृत्ति की राशि इस एक करोड़ रुपए के ब्याज से प्रदान की जाएगी। यह एक स्थायी योजना है, जिसकी शुरुआत IIT ISM के गोल्डन जुबली लेक्चर थियेटर में आयोजित एक समारोह के माध्यम से की गई।
इस अवसर पर कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष पी.एम. प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि संस्थान के निदेशक सुकुमार मिश्रा ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया।
राघवन परिवार के सदस्य आर.वी. रघुनंदन ने जानकारी दी कि यह योजना उनके पिता गोपाल वीर राघवन की स्मृति में शुरू की गई है। वे 1946 में तमिलनाडु से गिरिडीह आए थे और माइका व्यवसाय से जुड़कर मजदूरों के हक के लिए ट्रेड यूनियन के माध्यम से संघर्ष करते थे। वे हमेशा लड़कियों की शिक्षा को प्राथमिकता देते थे।
रघुनंदन और उनकी पत्नी प्रभा रघुनंदन आज भी गिरिडीह के विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय हैं। उनकी इस पहल से आम लोगों में खुशी की लहर है और उन्हें बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
इस मौके पर सीएमयू के ढोरी क्षेत्रीय सचिव आर. उनेश, अध्यक्ष राजू भूखिया सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह पहल न सिर्फ महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी, बल्कि IIT ISM धनबाद की समावेशी और न्यायसंगत शिक्षा व्यवस्था की प्रतिबद्धता को भी उजागर करती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!