रोड सेफ्टी को लेकर होगा फुटबॉल टूर्नामेंट, 27 जनवरी को खेला जाएगा मैच
गोमिया/डेस्क
बोकारो जिला में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 27 जनवरी को फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा. इसके मद्देनजर जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) वंदना सेजवलकर ने आईइल ग्राउंड का निरीक्षण किया.
टूर्नामेंट में चार टीमें भाग लेंगी. खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े लोगों के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. डीटीओ ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.
इस निरीक्षण के दौरान गोमिया बीडीओ महादेव महतो और सीओ अफताब आलम भी मौजूद रहे. आयोजन में मंत्री योगेंद्र प्रसाद विशेष रूप से शामिल होंगे.
जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर 1 जनवरी से 31 जनवरी तक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें फुटबॉल टूर्नामेंट भी शामिल है. इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है.
जिला प्रशासन सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और जनता में जागरूकता बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है. इस टूर्नामेंट से युवा वर्ग को सड़क सुरक्षा के प्रति प्रेरित करने की उम्मीद है.
