विद्यार्थी विज्ञान मंथन के राज्य स्तरीय परीक्षा में सवांग डीएवी के आठ छात्र चयनित
गोमिया
डीएवी पब्लिक स्कूल सवांग के छात्रों ने विद्यार्थी विज्ञान मंथन के द्वितीय स्तर की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। विद्यालय के कुल आठ विद्यार्थी राज्य स्तरीय परीक्षा के लिए चयनित हुए हैं। इससे पहले प्रथम स्तर की परीक्षा में विद्यालय के 47 विद्यार्थियों ने शानदार सफलता प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया था।
विद्यार्थी विज्ञान मंथन भारत सरकार के विज्ञान भारती, नेशनल काउंसिल ऑफ साइंस म्यूजियम और एनसीईआरटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जाती है। इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान क्षमता, जागरूकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करना है।
विद्यालय की प्राचार्या डी. बनर्जी ने चयनित सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने राज्य स्तरीय परीक्षा में सफलता की शुभकामनाएं भी दीं।
इन आठ छात्रों के चयन से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। अब ये विद्यार्थी राज्य स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
