Homeबोकारोविष्णुगढ़ में मासूम बच्ची से दरिंदगी व हत्या मामले में पुलिस करेगी...

विष्णुगढ़ में मासूम बच्ची से दरिंदगी व हत्या मामले में पुलिस करेगी खुलासा

विष्णुगढ़ में मासूम बच्ची से दरिंदगी व हत्या मामले में पुलिस करेगी खुलासा
हजारीबाग। प्रशांत शर्मा
हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या की घटना में पुलिस अब बड़े खुलासे के करीब पहुंच गई है। एसआईटी की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि बच्ची की हत्या अवैध संबंधों के राज खुलने के डर से की गई थी।
करीबी महिला रिश्तेदार, उसका प्रेमी और एक स्थानीय नेता हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में मृत बच्ची की एक करीबी महिला रिश्तेदार, उसके कथित प्रेमी और एक स्थानीय नेता को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इन लोगों की भूमिका को लेकर गंभीर संदेह जताया जा रहा है और उनसे लगातार पूछताछ जारी है।

मंगला जुलूस की रात की घटना
सूत्रों के मुताबिक, घटना वाली रात गांव में मंगला जुलूस निकल रहा था और अधिकांश लोग जुलूस में शामिल थे, जिससे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ था। इसी दौरान महिला ने अपने प्रेमी को घर बुलाया था। बताया जा रहा है कि उसी समय बच्ची वहां पहुंच गई और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।

भेद खुलने के डर से हत्या की आशंका
जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि बच्ची के इस घटना को देख लेने के बाद महिला और उसके प्रेमी को डर था कि वह उनके संबंधों का खुलासा कर देगी। इसी आशंका में दोनों ने मिलकर बच्ची की हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि हत्या के बाद महिला अपने प्रेमी के साथ मिलकर बच्ची के शव को ठिकाने लगाने के लिए घर से बाहर ले गई थी। घटना की रात गांव में सन्नाटा होने के कारण उन्हें इसमें आसानी हुई।

राज्यभर में आक्रोश
इस जघन्य घटना को लेकर पूरे राज्य में आक्रोश देखा जा रहा है। विपक्षी दलों और विभिन्न संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किए हैं। भाजपा ने इस मामले को लेकर एक दिन का झारखंड बंद किया था और 2 अप्रैल को मशाल जुलूस तथा 3 अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान भी किया है।
हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने भी स्वतः संज्ञान लिया है। डीजीपी और गृह सचिव को नोटिस जारी किया गया है, जबकि जिले के एसपी वर्चुअल माध्यम से अदालत में उपस्थित होकर जानकारी दे चुके हैं।
जल्द हो सकता है मामले का खुलासा
पुलिस सूत्रों के अनुसार हजारीबाग पुलिस अगले कुछ घंटों में पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!