शांतिपूर्ण व सद्भावना के साथ सम्पन्न हुआ ढोरी माता वार्षिकोत्सव, देशभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालु
कथारा (बेरमो)
जारंगडीह स्थित ढोरी माता तीर्थालय में रविवार को समारोही मिस्सा पूजा के उपरांत दो दिवसीय वार्षिकोत्सव समारोह शांतिपूर्ण और सद्भावना के माहौल में सम्पन्न हुआ। रविवार सुबह 10 बजे शुरू हुई समारोही मिस्सा पूजा के मुख्य याजक रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष महामान्यवर विंसेंट आइंद थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में हजारीबाग धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष आनंद जोजो डीडी उपस्थित रहे।
ढोरी माता के इस वार्षिक उत्सव में देश के विभिन्न प्रांतों से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मेले के आयोजन ने इस समारोह को भव्यता प्रदान की, जिसमें स्थानीय और बाहरी दुकानदारों ने अपनी दुकानें लगाईं।
श्रद्धालुओं में दिखी ढोरी माता की अटूट आस्था
श्रद्धालुओं ने बताया कि चमत्कारी और करुणामई ढोरी माता की असीम आस्था ही उन्हें यहां खींच लाती है। कई भक्तों का कहना था कि माता से मांगी गई सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। शनिवार को शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ श्रद्धालुओं का आगमन रविवार शाम तक जारी रहा, और दर्शन-पूजन के लिए तीर्थालय में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
बाजारों में रही रौनक, स्थानीय व्यापारियों की बिक्री बढ़ी
दो दिवसीय मेले के आयोजन से जारंगडीह और आसपास के बाजारों में रौनक देखने को मिली। दूर-दराज से आए लोग जरूरत की वस्तुएं खरीदते नजर आए, जिससे स्थानीय दुकानदारों की बिक्री में इजाफा हुआ।
प्रमुख अतिथियों ने बढ़ाई शोभा
समारोही मिस्सा पूजा के समापन के अवसर पर कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इनमें गोमिया विधानसभा के विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, सीसीएल कथारा के महाप्रबंधक संजय कुमार, जेबीसीसीआई सदस्य लखनलाल महतो, श्रमिक नेता चंद्रशेखर झा, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, आफताब आलम, और आसपास के ग्रामीण इलाकों के कई प्रबुद्ध नागरिक शामिल थे।
ढोरी माता वार्षिकोत्सव श्रद्धालुओं के उत्साह और धार्मिक आस्था का अद्भुत उदाहरण बना, जहां भक्ति और सद्भाव का माहौल देखने को मिला।
