सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल, बोकारो रेफर
अनंत/डेस्क
बेरमो थाना क्षेत्र के करगली गेट-चार नंबर मुख्य सड़क पर स्थित राम विलास प्लस टू उच्च विद्यालय के पास मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल युवक की पहचान ढोरी स्टाफ क्वार्टर निवासी कृष्ण कुमार चौहान के रूप में हुई है. वह अपनी बाइक (JH09BH-0404) से चार नंबर जा रहा था, जब उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. इस दुर्घटना में कृष्ण कुमार चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल को उठाकर रिजनल अस्पताल करगली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर उसे बोकारो रेफर कर दिया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पाकर बेरमो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घायल के स्वजनों को घटना की जानकारी दी. स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया.
घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ, जिसे स्थानीय लोगों ने सामान्य कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है कि दुर्घटना का मुख्य कारण क्या था.
