सड़क हादसे में तेनुघाट के व्यवसायी दीपक गुप्ता गंभीर, माता उर्मिला गुप्ता की मौत
तेनुघाट
प्रयाग कुंभ स्नान के लिए जा रहे तेनुघाट के समाजसेवी व कोयला व्यवसायी दीपक कुमार गुप्ता की कार बिहार के कुदरा, सासाराम में एक ट्रेलर से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में दीपक गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी माता उर्मिला गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना शुक्रवार रात करीब नौ बजे हुई, जब तेज रफ्तार में जा रही अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में दीपक गुप्ता के पिता, पत्नी, भाभी, भतीजा, साला, ड्राइवर और आंगनबाड़ी सेविका पुष्पा गुप्ता भी घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, ड्राइवर और दीपक के पिता का हाथ टूट गया, जबकि अन्य परिजनों को हल्की चोटें आई हैं।
गंभीर रूप से घायल दीपक गुप्ता को एंबुलेंस से रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की खबर तेनुघाट पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतका उर्मिला गुप्ता तेनुघाट में आंगनबाड़ी सेविका थीं और 208 नंबर बूथ की बीएलओ के रूप में कार्यरत थीं। उनका पार्थिव शरीर तेनुघाट पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
तेनुघाट ओपी प्रभारी अजीत कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
