सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में 726 में 133 का लाभुकों का ऑन स्पॉट हुआ निष्पादन
गोमिया/दीपक
गोमिया प्रखंड मुख्यालय परिसर में सोमवार को राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत एक संयुक्त शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर खंभरा, ससबेडा पूर्वी, और ससबेडा पश्चिमी पंचायतों के लिए आयोजित किया गया था। इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए तीनों पंचायतों के जरूरतमंद लाभुकों ने आवेदन किया।
शिविर में कुल 726 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 133 लाभुकों के आवेदनों को तुरंत स्वीकृति दी गई। मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के तहत 145 आवेदन, सर्वजन पेंशन योजना के तहत 65 आवेदन, अबुआ आवास योजना में 241 आवेदन, और बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना के तहत 3 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा, जॉब कार्ड के लिए 36, मुख्यमंत्री पशुधन योजना के लिए 32, किसान क्रेडिट कार्ड के लिए 2, और फसल बीमा के लिए 12 आवेदन किए गए।

शिविर में गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद भी पहुंचे। बीडीओ महादेव कुमार महतो, सीओ प्रदीप कुमार महतो, और डॉ. सुरेश कुमार की उपस्थिति रही। विधायक और आयोग के अध्यक्ष ने सभी स्टालों का जायजा लिया, और कई परिसंपत्तियों का वितरण किया। इस अवसर पर कई प्रखंड कर्मी, पंचायत मुखिया, और स्थानीय नेता भी मौजूद थे।
