स्किल डिवेलपमेंट के तहत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमिता सह कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन
Gomia: गोमिया स्किल डेवपलमेंट सेंटर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई), भारत सरकार के स्थानीय कार्यालय द्वारा गोमिया के होसिर में एक उद्यमिता-सह कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बोकारो जिले के स्थानीय और भावी उद्यमियों को कंप्युटर हार्डवेयर, नेटवर्किंग, और मेंटेनेन्स के क्षेत्र में विस्तृत प्रशिक्षण और जानकारी प्रदान करना है.
इस कार्यक्रम में 25 प्रतिभागियों को 3 अक्टूबर 2024 तक विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा. कार्यक्रम का उद्घाटन एमएसएमई विकास कार्यालय, रांची के सहायक निदेशक गौरव ने किया, जिन्होंने अपने स्वागत संबोधन में योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और प्रतिभागियों को मन लगाकर प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया.
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, हजारीबाग के अधिकारियों, विकास कुमार और रवि रंजन, ने प्रतिभागियों को बैंक द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत उपलब्ध ऋण सुविधाओं के बारे में जानकारी दी और उन्हें उद्यम शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त करने के लिए बैंक से संपर्क करने का आश्वासन दिया.
इसके अलावा, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सुमित कुमार और विलेज कोऑर्डिनेटर महेश स्वर्णकार ने झारखंड सरकार द्वारा एमएसएमई उद्यमियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया. गोमिया स्किल डेवपलमेंट सेंटर के प्रभारी, छोटी कुमार साव ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में एमएसएमई विकास कार्यालय, रांची के प्रभात कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा. श्री गौरव ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की.
