108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का वेतन न मिलने से गए हड़ताल पर, मरीजों को होगी परेशानी
बेरमो/डेस्क
राज्यभर में 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारी वेतन न मिलने और अन्य सुविधाओं के अभाव के कारण हड़ताल पर चले गए हैं. इधर बोकारो जिला के कर्मचारियों ने बोकारो के उपायुक्त (डीसी) को पहले ही पत्र लिखकर अपने मुद्दों की जानकारी दी थी. इन कर्मियों में EMT (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) और चालक शामिल हैं, जो 24×7 सेवाएं देते आ रहे हैं. इस संबंध में कर्मचारी राजेश महतो, सुरेन्द्र लहरी, पंकज कुमार सिंह, कुर्बान अंसारी, लखी राम मुर्मू ने बताया कि बोकारो जिला में 28 108 एम्बुलेंस है, जबकि पूरे राज्य में 504 है. उनका कहना है कि वेतन न मिलने के बावजूद वे निरंतर आपातकालीन सेवाएं देते आ रहे हैं. उन्होंने मांग की है कि उनकी सभी बकाया राशि का भुगतान तुरंत किया जाए और भविष्य में समय पर वेतन सुनिश्चित हो.
कर्मचारियों ने प्रशासन और राज्य सरकार से जल्द समाधान निकालने की अपील की है, ताकि वे अपनी सेवाएं फिर से शुरू कर सकें.
मुख्य मांगें और समस्याएं:
1. तीन महीने से वेतन भुगतान लंबित:
जुलाई-अगस्त 2023 का वेतन Ziqitza Health Care Ltd. (ZHL) कंपनी द्वारा बकाया है.
सितंबर 2024 का वेतन GVK EMRI कंपनी ने अब तक नहीं दिया है.
2. मेडिकल और पीएफ सुविधाएं बंद:
पिछले एक वर्ष से कर्मचारियों को मेडिकल और पीएफ का लाभ नहीं दिया जा रहा है, जबकि ये अल्प मानदेय पर काम कर रहे हैं.
3. त्योहारों में वेतन न मिलने से असंतोष:
दुर्गा पूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान भी वेतन न मिलने से कर्मचारियों में गहरी नाराजगी है.
4. अवैध वसूली और जॉइनिंग लेटर का अभाव:
नई कंपनी द्वारा टेंडर लेने के बाद पुराने कर्मचारियों से ट्रेनिंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है.
कर्मचारियों को अब तक जॉइनिंग लेटर भी नहीं दिया गया है.
5. पूर्ण भुगतान और समय पर वृद्धि की मांग:
कंपनी हर महीने 30 दिन ड्यूटी कराने के बाद केवल 26 दिन का वेतन देती है, जिससे 4 दिन का वेतन नियमित रूप से काट लिया जाता है.
सितंबर 2023 से सितंबर 2024 तक का कुल 52 दिनों का वेतन बकाया है.
6. नियमितिकरण की मांग:
कर्मचारी चाहते हैं कि उन्हें NRHM के तहत स्थायी किया जाए और उनका वेतन नियमित रूप से बढ़ाया जाए.
