30 साल से जुड़े रहे प्रभात खबर के प्रतिनिधि नागेश्वर कुमार का निधन
गोमिया
प्रभात खबर के ललपनिया प्रतिनिधि नागेश्वर कुमार 71 वर्ष का गुरुवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
पिछले 7 नवंबर को उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। उस समय वे रांची में अपने बेटे के आवास पर थे। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां ब्रेन का ऑपरेशन भी किया गया। इसके बाद से ही वे लगातार अस्वस्थ चल रहे थे और बेड पर थे। गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

नागेश्वर कुमार वर्ष 1995 से प्रभात खबर से जुड़े थे और लंबे समय तक पूरी निष्ठा और तन्मयता के साथ पत्रकारिता करते रहे। गोमिया और ललपनिया में प्रभात खबर के फैलाव में उनकी अहम भूमिका रही है। वे मृदुभाषी, मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से अखबार के माध्यम से उठाने के लिए वे जाने जाते थे।
पत्रकारिता के साथ-साथ उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी। शुरुआती दिनों में वे कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे और युवा कांग्रेस के गोमिया प्रखंड अध्यक्ष भी रह चुके थे। रांची दूरदर्शन में खोरठा नृत्य गीत की प्रस्तुति में ढोल वादक के रूप में अपनी कला का प्रदर्शन किया था। उनके संबंध सभी से अच्छे थे। शासन हो या प्रशासन, नेता हो या अभिनेता सभी के लिए वे प्रिय थे। खबर के लिए हमेशा समर्पित रहते थे। उनका जाना ग्रामीण क्षेत्र की पत्रकारिता पर असर पड़ेगा।

युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे
वे गोमिया प्रखंड के हजारी पंचायत अंतर्गत खुदगड्डा गांव के निवासी थे। उनके पिता स्व. कन्हाई राम हजारी पंचायत के मुखिया रहने के साथ-साथ बाद में उप प्रमुख भी रह चुके थे। 1993 में वे गोमिया प्रखंड युवा कांग्रेस के अध्यक्ष थे। सवांग वन बी में खादी कपड़े का दुकान था। उनके पिता दुकान में बैठते थे। नागेश्वर जी भी दुकान का संचालन किया करते थे। उनके दुकान में उस समय जेरोक्स मशीन भी था।

अपने पीछे वे दो पुत्र और तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर क्षेत्र के पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
झारखंड सरकार के मंत्री और गोमिया के विधायक योगेंद्र प्रसाद, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व सांसद रविन्द्र कुमार पांडेय, पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह, पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, बबीता देवी, जिला परिषद की अध्यक्ष सुनीता देवी, टीवीएनएल के जीएम अनिल कुमार शर्मा, डीजीएम अशोक प्रसाद, भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राज, जिला परिषद के सदस्य आकाश लाल सिंह, माकपा के वरिष्ठ नेता रामचंद्र ठाकुर, राकेश कुमार, भाकपा के इफ्तेखार महमूद, माले के शोभा देवी, सुरेंद्र यादव, कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष पंकज पांडेय, जिला सचिव रामकिशन रविदास, समाजसेवी शेखर प्रजापति, आरडी साहू, धनीराम मांझी, विधायक प्रतिनिधि लुदु मांझी, अनिल हंसदा, मोहन साव, मुखिया तारामणि देवी, बबलू हेंब्रम, महादेव महतो, पूर्व मुखिया चंद्रदीप पासवान, धनंजय सिंह, विनोद पासवान, विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान, पूर्व सरपंच बालगोविंद प्रजापति, समाजसेवी बालेश्वर ठाकुर, केदार स्वर्णकार, महेंद्र साव, बबली सोरेन, लोबिन हेंब्रम, टीवीएनएल के सुखदेव महतो, प्रमोद दास, अजीत कुमार सहाय, सनत प्रसाद, मंटू यादव, केदारनाथ पंडा, अरुण यादव, शंभु यादव, नरेश मंडल सहित अन्य लोगों ने शोक व्यक्त किया है।
