मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना की व्यवस्था को देख भड़की मंत्री बेबी देवी
Nawadih: मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के दूसरे दिन झारखंड की महिला बाल विकास मंत्री बेबी देवी ने नावाडीह प्रखंड के पोखरिया, अहारडीह, पोटसो, खरपीटो, नावाडीह और चिरूडीह पंचायत भवनों में आयोजित कैंपों का दौरा किया. पोखरिया पंचायत सचिवालय में महिलाएं सुबह 9 बजे से ही अपने फार्म ऑनलाइन भरने के लिए जुटी थीं.
मंत्री बेबी देवी के पहुंचने पर उन्होंने पाया कि एक आंगनबाड़ी सेविका और केवल एक प्रज्ञा केंद्र संचालक ही वहां मौजूद थे. पंचायत भवन में अन्य कोई कर्मचारी उपस्थित नहीं था, जिससे मंत्री बेबी देवी भड़क उठीं और पंचायत सचिव राकेश विश्वकर्मा को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने संबंधित गैरहाजिर कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई करने का आदेश बीडीओ को दिया.
मंत्री बेबी देवी ने पोखरिया पंचायत सचिवालय में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें दो दिन खेती छोड़कर पहले मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना का फार्म भरना चाहिए. इस योजना से गरीब महिलाओं के खाते में हर महीने एक हजार रुपये जमा किए जाएंगे. उन्होंने यह भी घोषणा की कि पोखरिया पंचायत में उनके माध्यम से दो महिला क्लबों की स्वीकृति मिल गई है और इसका जल्द ही शिलान्यास किया जाएगा.
बीडीओ प्रशांत कुमार हेंब्रम ने बताया कि सर्वर धीमा होने के कारण दूसरे दिन प्रखंड में केवल 27 लाभुकों के ऑनलाइन फार्म भरे जा सके. वहीं, मूंगो रंगामाटी पंचायत भवन में कोई कर्मचारी उपस्थित नहीं रहने के कारण कैंप से महिलाएं निराश होकर घर लौट गईं.
मौके पर प्रखंड सचिव सोनाराम हेंब्रम, मुखिया बसंती देवी, किरण देवी, उमेश महतो, गायत्री देवी, पंसस डेगलाल तुरी, निर्मल महतो, पति महतो, प्रखंड उपाध्यक्ष अयोध्या प्रसाद महतो, पंचायत अध्यक्ष भैरो महतो, जयलाल महतो, विजय तुरी, शनिचर तुरी आदि उपस्थित थे.
