तेनुघाट में केदारनाथ मंदिर थीम पर बना दुर्गा पूजा पंडाल, रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
Tenughat: तेनुघाट एफ टाइप चौक पर इस वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर केदारनाथ मंदिर की थीम पर भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है. यहां 1967 से दुर्गा पूजा का आयोजन हो रहा है, जिसका स्वरूप समय के साथ बदलते हुए अब और भी भव्य हो गया है. हर वर्ष विजय दशमी के दिन हजारों श्रद्धालु यहां एकत्रित होते हैं, और रावण दहन के साथ मेला का आनंद लेते हैं.
पूजा समिति के द्वारा सप्तमी पूजा के दिन कक्षा एक से दस तक के छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को तीन समूहों में बांट कर भाग लेने का मौका दिया गया. इसका मूल्यांकन जवाहर नवोदय विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया.
नवमी पूजा के दिन डांडिया कार्यक्रम का आयोजन होगा, जबकि विजय दशमी के दिन रावण दहन का विशेष कार्यक्रम रखा गया है. तेनुघाट छाता चौक पर भी पूजा समिति ने माता रानी के आगमन के स्वागत की पूरी तैयारी की है, और वहां पूजा पाठ को स्वच्छता के साथ संपन्न किया जा रहा है.
इसके अलावा, पिछले दो-तीन दिनों से रामलीला का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से दर्शनार्थी आ रहे हैं और भगवान की लीलाओं का आनंद लेते हुए अपने घरों को लौट रहे हैं.
