बेरमो थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में वृद्धि, पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल
बेरमो/डेस्क
बेरमो थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों में चोरी और लूटपाट की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे स्थानीय लोग भयभीत और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. पुलिस की कार्रवाई और अपराधियों को पकड़ने में हो रही देरी से लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है.
31 अक्टूबर की रात को बेरमो थाना क्षेत्र के करगली स्थित तिरहुत नगर तीन नंबर में रतन कुमार झा के घर में अज्ञात चोरों ने 80 हजार रुपये नगद और लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली थी, एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस इस मामले को सुलझाने में नाकाम रही है.
7 दिसंबर की रात की रात को फुसरो नया रोड स्थित सोना-चांदी ज्वेलरी दुकान से लाखों रुपये के आभूषण चोरी हो गए. दुकान मालिक वीरेंद्र कुमार वर्मा ने इस संबंध में फुसरो थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. इसी रात एक मोटरसाइकिल की चोरी भी हुई.
27 नवंबर की रात को राम रतन स्कूल के पास सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी (JH09BB 9084) को अज्ञात अपराधियों ने चाकू दिखाकर लूटने का प्रयास किया, हालांकि, स्थानीय लोगों और पुलिस की मुस्तैदी से वाहन को बरामद कर लिया गया, लेकिन अपराधी फरार हो गए.
रतन कुमार झा के पुत्र राहुल कुमार ने इस मुद्दे को राज्य के मुख्यमंत्री, डीजीपी, एसपी और स्थानीय विधायक को लिखित शिकायत की है. उन्होंने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग डरे हुए हैं. पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों का हौसला बढ़ रहा है.
स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इस क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाएं पुलिस की कार्यक्षमता पर सवाल खड़े कर रही हैं.
