सीसीएल के सीएमडी नीलेंदू कुमार सिंह ने किया ढोरी क्षेत्र का निरीक्षण, 100 मिलियन टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य
बेरमो/डेस्क
सीसीएल (सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड) के सीएमडी नीलेंदू कुमार सिंह ने मंगलवार को ढोरी एरिया का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने एसडीओसीएम और एएडीओसीएम परियोजनाओं का जायजा लिया और कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच की स्थिति की समीक्षा की.
निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने क्षेत्रीय महाप्रबंधक रंजय सिंहा से कोयला उत्पादन की विस्तृत जानकारी ली और परियोजना के नक्शे का अवलोकन करते हुए उत्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा जरूरतों में कोयला की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार उत्पादन और वितरण सुनिश्चित करना जरूरी है.
100 मिलियन टन उत्पादन का लक्ष्य
सीएमडी सिंह ने बताया कि सीसीएल के चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 100 मिलियन टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने विश्वास जताया कि सही रणनीति और मेहनत से यह लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जाएगा.
उन्होंने यह भी कहा कि सीसीएल में नई परियोजनाएं शुरू करने की योजना बनाई जा रही है. ढोरी क्षेत्र के पिछरी परियोजना को जल्द चालू करने और बंद तारमी ओसीपी परियोजना पर विशेष ध्यान केंद्रित करने की बात कही. वहीं, एसडीओसीएम परियोजना के विस्तार पर भी विचार हो रहा है.
हाईवाल माइनिंग तकनीक से उत्पादन
सीएमडी सिंह ने बताया कि नए तकनीकी हाईवाल माइनिंग के तहत अमलो माइन्स में कोयला उत्पादन की योजना है, जिससे अंडरग्राउंड माइनिंग को और अधिक कुशल बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में उत्पादन लक्ष्य हर हाल में पूरा करना होगा.
इस अवसर पर ढोरी जीएम रंजय सिंहा, एसओ माइनिंग अमिताभ तिवारी, अमलो पीओ राजीव कुमार सिंह, एसडीओसीएम पीओ शैलेश प्रसाद, समेत कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे. मजदूर नेता राजेश कुमार सिंह, गणेश मल्लाह, इनमोसा नेता पवन सिंह व मदन सिंह, समाजसेवी दौलत महतो, पूर्व मुखिया नकुल महतो सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया.
