पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह ने सड़क हादसे में मारे गए बच्चों के अभिभावकों से की मुलाकात
गोला (रामगढ़):
झारखंड के पूर्व परिवहन मंत्री माधव लाल सिंह ने 6 जनवरी को गोला में हुए सड़क हादसे में मारे गए गुडविल पब्लिक स्कूल, तिरला के बच्चों के परिजनों से मुलाकात की। बीती रात उन्होंने पतरातू गांव में करण महतो और नेमधारी महतो से मिलकर सांत्वना दी और सहायता सामग्री भी प्रदान की।
स्कूल प्रबंधन को ठहराया जिम्मेदार
पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह ने हादसे के लिए स्कूल प्रबंधन को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ठंड के कारण स्कूलों की छुट्टी घोषित किए जाने के बावजूद गुडविल पब्लिक स्कूल खुला था, जो सरकारी आदेश का उल्लंघन है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने हादसे के कारणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ठंड और घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम थी। एनएच से स्कूल जाने वाले रास्ते पर एक मोड़ था, जिससे हादसा हुआ। अगर स्कूल बंद रहता, तो यह घटना टल सकती थी।
सरलाखुर्द में भी परिजनों से मिलने पहुंचे
माधव लाल सिंह सरलाखुर्द गांव भी गए, जहां उन्होंने हादसे में मारी गई बच्ची के परिजनों से मिलने का प्रयास किया। श्रीकांत नायक से मुलाकात नहीं हो सकी, लेकिन उन्होंने दोबारा आने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि विगत माह स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो आलू से लदे ट्रक की चपेट में आ गया था, जिसमें तीन बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई थी। मृतकों में दो बच्चे पतरातू गांव और एक बच्ची सरलाखुर्द गांव की थी।
