अंबेडकर एकेडमी स्कूल में 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन
बाघमारा
लोयाबाद हटिया बाजार स्थित अंबेडकर एकेडमी स्कूल में लोयाबाद क्षेत्रीय अस्पताल के द्वारा शनिवार को 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के तहत शिक्षकों, छात्रों और स्थानीय लोगों को टीबी के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सिजुआ एरिया-5 के जीएम सुधानकर प्रसाद ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनुज कुमार ने बताया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर इलाज से पूरी तरह ठीक हो सकती है। उन्होंने लोगों को टीबी के लक्षण और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

डॉ. कुमार ने कहा कि यदि लगातार खांसी बनी रहे, तो तुरंत जांच करानी चाहिए। यदि टीबी की पुष्टि होती है, तो सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि यह भारत सरकार द्वारा संचालित मिशन 100 टीवी कार्यक्रम के तहत जागरूकता फैलाने की पहल है।
स्वास्थ्य जांच एवं रजिस्ट्रेशन
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया और शुगर, बीपी समेत अन्य स्वास्थ्य जांच करवाई।
इस मौके पर सिजुआ एरिया के जीएम सुधानकर प्रसाद, एजीएम किशोर कुमार सिंह, अंबेडकर एकेडमी के प्रिंसिपल बिनोद रस्तोगी, एसएस प्रसाद, राजेंद्र पासवान, लोयाबाद क्षेत्रीय अस्पताल के डॉ. अनुज कुमार समेत अस्पताल की पूरी टीम उपस्थित रही।
