Homeबोकारोपूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता चंद्रशेखर 'ददई' दुबे का निधन, राजनीतिक...

पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता चंद्रशेखर ‘ददई’ दुबे का निधन, राजनीतिक और मजदूर आंदोलनों में था अहम योगदान

पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता चंद्रशेखर ‘ददई’ दुबे का निधन, राजनीतिक और मजदूर आंदोलनों में था अहम योगदान
डेस्क
झारखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व मंत्री और प्रख्यात मजदूर नेता चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे का आज सुबह नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे और वहीं उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर से झारखंड समेत पूरे राजनीतिक और मजदूर संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई।
ददई दुबे को झारखंड की राजनीति में एक प्रभावशाली कांग्रेसी नेता और “मजदूरों के मसीहा” के रूप में जाना जाता था। वे गढ़वा जिले के विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र से छह बार विधायक और 2004 में धनबाद से सांसद भी रहे। साथ ही वे भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर रहते हुए मजदूरों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करते रहे।
राजनीतिक जीवन की शुरुआत गांव से
ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले ददई दुबे ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत गांव के मुखिया के रूप में की। 1985 में उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा और उसी वर्ष पहली बार विश्रामपुर से विधायक चुने गए। इसके बाद 1990, 1995, 2000, 2005 और 2009 में लगातार जीत दर्ज कर उन्होंने क्षेत्र में अपना मजबूत जनाधार स्थापित किया। बिहार में राबड़ी देवी और झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार में उन्होंने मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाली।
मजदूर आंदोलनों के अगुवा
ददई दुबे की पहचान एक जमीनी नेता के रूप में थी, जो मजदूरों की समस्याओं को लेकर हमेशा मुखर रहे। धनबाद के कोयलांचल क्षेत्र में उनकी पकड़ बेहद मजबूत थी। INTUC के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने कई मजदूर आंदोलनों की अगुवाई की। कोल इंडिया लिमिटेड समेत कई औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक हितों के लिए उन्होंने आवाज बुलंद की।
शोक संदेशों का तांता
ददई दुबे के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, झामुमो नेता विनोद पांडेय, पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा, “ददई दुबे का जीवन संघर्ष, सेवा और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित था। उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।”
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मजदूर संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी राजनीतिक प्रतिबद्धता और मजदूरों के लिए किए गए संघर्षों को याद किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!