नावाडीह की कृषक पाठशाला में महिला किसानों का जलवा, धान की नर्सरी से लेकर एफपीओ नेतृत्व तक निभा रहीं अग्रणी भूमिका
बैजनाथ महतो/नावाडीह
बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड में एक शांत-सी दिखने वाली ग्रामीण हलचल अब महिला सशक्तिकरण की गूंज बन चुकी है। कृषक पाठशाला, जो कभी केवल खेती की जानकारी तक सीमित थी, अब महिलाओं की आत्मनिर्भरता का मजबूत मंच बन चुकी है। आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति की पहल से संचालित इस केंद्र ने ग्रामीण महिलाओं की किस्मत को नई दिशा दे रही हैं।
यहां महिलाएं अब केवल खेत में मेहनत करने वाली मजदूर नहीं, बल्कि प्रशिक्षक, नवाचारकर्ता और नेतृत्वकर्ता बन गई हैं। धान की बीज नर्सरी (बिचड़ा) तैयार करने, जैविक खेती अपनाने, एसआरआई तकनीक और मौसम-आधारित खेती के गुर सीखने में महिलाएं सबसे आगे निकल चुकी है।
खेती में महिलाओं का परचम
हाल ही में आयोजित एक प्रशिक्षण कार्यशाला में नावाडीह की महिला किसान पुष्पा देवी और संगीता देवी ने खुद बीज नर्सरी तैयार कर अन्य महिलाओं को उसका तरीका सिखाया। खेतों में उगते धान के नन्हें पौधे इन महिलाओं की मेहनत और आत्मविश्वास की गवाही दे रहे थे। उनके हाथों में कुदाल नहीं, अब आत्मनिर्भरता की मिशाल बन गई है।
एफपीओ में भी महिलाओं का दबदबा
खेती तक सीमित न रहकर ये महिलाएं अब नावाडीह कृषि उत्पादक में भी नेतृत्वकारी भूमिका निभा रही हैं। जो महिलाएं पहले कभी गांव से बाहर नहीं जाती थीं, अब बाजार से जुड़कर उत्पाद बेच रही हैं, किसानों के लिए नए अवसर तलाश रही हैं।में महिला सदस्यों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो बताता है कि परिवर्तन की हवा किस दिशा में बह रही है।
10 वर्षों का समर्पण, महिलाओं की बढ़ती भागीदारी
आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव श बसुदेव शर्मा बताते हैं, “नावाडीह में बीते दस वर्षों से धान की खेती को संगठित रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें 70 से 80 प्रतिशत महिलाएं सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। इसके साथ कृषक पाठशाला के तहत एक हज़ार किसानों को प्रशिक्षण दिया गया है जिसमें 80 प्रतिशत महिला किसानो ने प्रशिक्षण मे भाग लिया । प्रत्येक गांव से एक प्रगतिशील महिला किसान को प्रशिक्षण देकर प्रेरक के रूप में तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है , जो अपने गांव की अन्य महिलाओं को आगे लाने का कार्य करेगी ।
एक नया सामाजिक बदलाव।
नावाडीह की यह पहल अब एक मिसाल बन चुकी है — जहां महिलाएं केवल खेत में नहीं, बल्कि निर्णयों की मेज पर भी बैठी हैं। यह बदलाव दर्शाता है कि जब महिलाओं को अवसर, प्रशिक्षण और मंच मिलता है, तो वे न केवल खुद को, बल्कि पूरे समाज को बदल सकती हैं।