नक्सलवाद के खात्मे का गवाह बना लुगु–झुमरा, सुरक्षा बलों की ऐतिहासिक कामयाबी
डेस्क/अनंत कुमार
बोकारो जिला वर्ष 2025 में नक्सल विरोधी अभियानों के लिहाज से ऐतिहासिक रहा। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, झारखंड पुलिस, जगुआर और जिला बल की संयुक्त कार्रवाइयों ने लुगु पहाड़ी, झुमरा पहाड़ी और आसपास के जंगलों में नक्सलियों के मजबूत गढ़ को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। वर्ष भर चले खुफिया सूचना आधारित अभियानों में कई बड़ी मुठभेड़ें हुईं, जिनमें शीर्ष और इनामी नक्सली मारे गए या गिरफ्तार हुए। परिणामस्वरूप बोकारो को नक्सल-मुक्त घोषित किया गया।
वर्ष की शुरुआत 22 जनवरी 2025 को नवाडीह प्रखंड के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र में बंसी गांव के पास जंगल में हुई मुठभेड़ से हुई। इस कार्रवाई में एरिया कमांडर शांति देवी और मनोज नामक नक्सली मारे गए। मौके से AK-47, SLR और INSAS राइफल सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ। इससे एक दिन पहले 15 लाख के इनामी नक्सली रणविजय महतो की गिरफ्तारी ने अभियान को और धार दी।
21 अप्रैल 2025 को ललपनिया थाना क्षेत्र के लुगु पहाड़ी में ऑपरेशन ‘डाकाबेड़ा’ के तहत अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली। कोबरा और जगुआर की संयुक्त कार्रवाई में आठ कुख्यात नक्सली ढेर कर दिए गए, जिनमें एक करोड़ का इनामी केंद्रीय कमिटी सदस्य प्रयाग मांझी उर्फ विवेक भी शामिल था। इस मुठभेड़ ने नक्सली संगठन की रीढ़ तोड़ दी और लुगु–झुमरा क्षेत्र में उनका दबदबा समाप्त कर दिया।
16 जुलाई 2025 को गोमिया–ललपनिया क्षेत्र के जंगलों में हुई मुठभेड़ में सब-जोनल कमांडर कुंवर मांझी उर्फ सहदेव मांझी सहित एक अन्य नक्सली मारा गया। हालांकि इस कार्रवाई में कोबरा बटालियन का एक जवान प्राणेश्वर कोच शहीद हुआ, लेकिन सुरक्षा बलों ने नक्सलियों को बड़ा नुकसान पहुंचाया।
इसके बाद 15 सितंबर 2025 को हजारीबाग जिला के गोरहर पांतीतिरि जंगल मुठभेड़ हुई। यहां बोकारो और गिरिडीह जिला की सीमा है। एक करोड़ के इनामी टॉप कमांडर सहदेव सोरेन उर्फ परवेश, रघुनाथ सोरेन उर्फ चंचल और बिरसेन गंझू मारे गए। इसी के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद के पूरी तरह समाप्त होने की घोषणा की। 2025 बोकारो पुलिस के लिए नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक वर्ष रहा, जिसमें सुरक्षा बलों की सतत कार्रवाई से नक्सली नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने में लगे रहे और क्षेत्र में शांति बहाल के लिए मुस्तैद रहे।
