नावाडीह: 14 वीं टिकैत कुमार महतो फुटबॉल टूर्नामेंट के विजेता टीम को मिलेगा बीस हजार रुपये नगद
बेरमो
नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट स्थित गोनियाटो पंचायत में 14वीं टिकैत कुमार महतो ग्रामीण फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर युवा विकास क्लब और ग्राम विकास समिति की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की अध्यक्षता सीताराम सोरेन ने की और संचालन मुखिया प्रतिनिधि रामकुमार मरांडी ने किया. बैठक में मुख्य रूप से आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय सचिव सह पूर्व जिला परिषद सदस्य टिकैत कुमार महतो शामिल हुए.
बैठक में यह तय किया गया कि इस वर्ष की फुटबॉल प्रतियोगिता 27 से 29 सितंबर 2024 तक आयोजित की जाएगी. इस प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी होंगे. विशिष्ट अतिथि के रूप में गोमिया विधायक डॉ. लंबोदर महतो और पेंक नारायणपुर थाना प्रभारी अनिल लिंडा उपस्थित रहेंगे.
प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार 20 हज़ार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 15 हज़ार रुपये और तृतीय और चतुर्थ पुरस्कार के रूप में 5,100 रुपये दिए जाएंगे. प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए इंट्री फीस मात्र 1,001 रुपये रखी गई है. फाइनल के दिन स्कूल की बच्चियों का प्रदर्शनी मैच और गहदम झूमर का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें 100 झूमर टीमें भाग लेंगी. झूमर प्रतियोगिता में सभी टीमों को मुफ्त में भाग लेने का मौका मिलेगा और हर टीम को शानदार बकरा पुरस्कार के रूप में दिया जाएगा. साथ ही, तीरंदाजी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रथम और द्वितीय विजेता को बकरा पुरस्कार दिया जाएगा.
प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया, जिसमें अध्यक्ष रामकुमार मरांडी, उपाध्यक्ष सुनील मरांडी, रूपेश रविदास, सचिव राजेश तुरी, और कोषाध्यक्ष कपिल तुरी सहित कई अन्य पदाधिकारी शामिल हैं. इस बैठक में कई गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग उपस्थित थे.
