बेरमो: डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली
बेरमो
डीएवी पब्लिक स्कूल सवांग के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वच्छता पखवाड़ा के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया. यह रैली मुख्य सड़क, 1/बी मार्केट और आस-पास की कॉलोनियों में स्वच्छता का संदेश देते हुए निकाली गई. “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” और “बापू का है यह संदेश, स्वच्छ रहे हमारा देश” जैसे नारे लगाकर विद्यार्थियों ने लोगों को सफाई रखने के लिए प्रेरित किया.
रैली में बच्चों ने पोस्टर के माध्यम से स्वच्छता और जल संरक्षण का महत्व समझाया और लोगों से अपील की कि वे अपने घरों, बाजारों और सड़कों के आसपास सफाई बनाए रखें. स्वच्छता से कई बीमारियों को दूर भगाया जा सकता है, क्योंकि गंदगी ही बीमारियों का प्रमुख कारण है. इसके साथ ही जल संरक्षण के प्रति भी जागरूकता फैलाई गई और पानी को व्यर्थ बहाने से बचने की सलाह दी गई.
इस रैली में एस. एन. राय, राकेश कुमार पांडे, राकेश कुमार राही, संजय कुमार पांडे, संजीव कुमार, विनय कुमार सिंह, सुवर्णा श्री, रुचिका सिंह, अनन्या सामंता और विद्यालय के सफाईकर्मियों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. प्राचार्या डी. बनर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि सफाई के प्रति जागरूकता केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामुदायिक जिम्मेदारी है, और इस रैली का उद्देश्य यही है कि लोग अपने आस-पास के क्षेत्र को स्वच्छ रखें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें.
