बेरमो: सीसीएल के सुरक्षा गार्डों ने छापेमारी कर तीन टन कोयला किया जब्त
कथारा
सीसीएल कथारा क्षेत्र के जारंगडीह खुली खदान से कोयला चोरी को रोकने के लिए रविवार को छापामारी अभियान चलाया गया. यह अभियान कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक के आदेशानुसार क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें क्षेत्रीय गश्ती दल और जारंगडीह कोलियरी गश्ती दल ने संयुक्त रूप से भाग लिया.
इस अभियान के दौरान गश्ती गाड़ी को देखते ही कोयला चोर भाग खड़े हुए, जिसके बाद कोयला से लदी दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल को जब्त कर मौके पर ही क्षतिग्रस्त कर दिया गया. लगभग 3 टन कोयला, जो चोरों द्वारा जमा किया गया था, उसे भी जब्त कर पेलोडर की मदद से उठाकर डंपर में लोड कर जारंगडीह कोलियरी के कोयला स्टॉक में डाल दिया गया.
सूत्रों के अनुसार, जारंगडीह क्रेशर कांटा घर और जारंगडीह खुली खदान के ओबी डंप के रास्ते से रोजाना सुबह अवैध रूप से कोयला की ढुलाई दर्जनों मोटरसाइकिलों के माध्यम से की जाती है, जिसे रोकने में कथारा क्षेत्रीय सुरक्षा विभाग असफल रहा है. लगातार कोयला चोरी जारी है. सुरक्षा विभाग कभी कभी छापेमारी कर खानापूर्ति करती रहती है.
छापामारी अभियान में नागेश्वर नोनिया, मंटू सिंह, भूनेश्वर, संतोष, कन्हैया साव सहित अन्य जवान भी शामिल थे.
