मुख्यमंत्री मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में 1134 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे
सिद्धार्थ पांडेय/ चाईबासा
जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के तीन परीक्षा केंद्रों में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में 1464 परीक्षार्थियों के बजाय मात्र 330 परीक्षार्थी ही शामिल हुए. इस परीक्षा में 1134 छात्र अनुपस्थित रहे, जो अपने आप में एक आश्चर्यजनक बात है.
परीक्षा केंद्रों में रस्सेल प्लस टू उच्च विद्यालय जगन्नाथपुर, पदमावती जैन सरस्वती शिशु विद्यालय जगन्नाथपुर, और उर्दू मध्य विद्यालय जगन्नाथपुर शामिल थे. इन परीक्षा केंद्रों में बीईओ कार्यालय द्वारा सफल संचालन के लिए शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई थी.
जानकारी के अनुसार रस्सेल प्लस टू उच्च विद्यालय जगन्नाथपुर में 800 छात्रों में से केवल 101 छात्र ही परीक्षा में उपस्थित हुए. पदमावती जैन सरस्वती शिशु विद्यालय में 340 परीक्षार्थियों में से मात्र 54 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए. उर्दू मध्य विद्यालय जगन्नाथपुर में 324 परीक्षार्थियों में से सिर्फ 175 परीक्षार्थी ही परीक्षा में उपस्थित हुए.
सूत्रों के अनुसार, कई आठवीं बोर्ड पास छात्रों को उनके संबंधित विद्यालय से मुख्यमंत्री मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा का एडमिट कार्ड नहीं मिल पाया. कई छात्रों को इस परीक्षा के बारे में जानकारी ही नहीं थी, जिसके कारण वे परीक्षा देने से वंचित रह गए.
जगन्नाथपुर बीईओ सुदामा ने जानकारी दी कि तीनों परीक्षा केंद्रों में छात्र उपस्थिति काफी कम रही. इसका कारण अभी जांच के अधीन है और इस पर अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता.
