मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं को दी गई जानकारी
नावाडीह
नावाडीह प्रखंड मुख्यालय के सभागार में मंगलवार को मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना की सफलता को लेकर आंगनबाड़ी सेविकाओं की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता सीओ सह सीडीपीओ अभिषेक कुमार ने की, जिसमें बीडीओ प्रशांत कुमार हेम्ब्रम ने योजना की विस्तृत जानकारी दी.

योजना के तहत 21 से 50 वर्ष की महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे. सेविकाएं 1 से 3 अगस्त तक घर-घर जाकर लाभुकों को मुफ्त फॉर्म वितरित करेंगी. लाभुकों को अपने दस्तावेजों के साथ पंचायत में आयोजित शिविर में उपस्थित होना होगा, जहां उनका ऑनलाइन निबंधन और आधार सत्यापन किया जाएगा.
योजना का लाभ केवल उन महिलाओं को मिलेगा जिनके पास अंत्योदय, लालकार्ड, या ग्रीन राशन कार्ड है. सरकारी नौकरी करने वाले, अर्धसरकारी कर्मी या उनके परिवारजन, मानदेय या पेंशन प्राप्त करने वाले, और आयकरदाता इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे.
शिविर 3 से 8 अगस्त तक आयोजित किए जाएंगे, 9 से 15 अगस्त तक सभी आवेदनों की जांच होगी, और 16 अगस्त से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और महिला बाल विकास मंत्री बेबी देवी द्वारा लाभुकों के खातों में राशि भेजकर योजना की शुरुआत की जाएगी.
बैठक में कई महिला पर्यवेक्षक और सेविकाएं उपस्थित थीं, जिनमें नीतू कुमारी, जानकी देवी, उषा देवी, सावित्री देवी, शांति देवी, पूजा देवी, और अन्य शामिल थीं.
