आईजी ने बेरमो एसडीपीओ कार्यालय का किया निरीक्षण
Tenughat: बोकारो परिक्षेत्र के आईजी डॉ. माइकलराज एस ने तेनुघाट में बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई. इसके बाद उन्होंने अनुमंडल के सभी पुलिस निरीक्षकों और थाना प्रभारियों से परिचय प्राप्त किया. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने डॉ. माइकलराज एस और बोकारो एसपी पूज्य प्रकाश का बुके देकर स्वागत किया.
डॉ. माइकलराज एस ने निरीक्षण के दौरान कहा कि कार्यालयों की कार्य शैली में सुधार की आवश्यकता होने पर हर साल निरीक्षण किया जाता है. अपराध नियंत्रण और नक्सली गतिविधियों पर रोकथाम के प्रयासों की समीक्षा की. आगामी विधानसभा चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव शांति पूर्ण तरीके से हुए हैं और वोट प्रतिशत भी बढ़ा है. इसलिए उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव भी सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होंगे. नक्सली गतिविधियों के बारे में कहा कि झारखंड में अधिकांश जगहों पर नक्सली लगभग समाप्त होने के कगार पर हैं और जल्द ही पूरी तरह समाप्त हो जाएंगे.
इस मौके पर बोकारो एसपी पूज्य प्रकाश, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह, गोमिया पुलिस निरीक्षक महेश प्रसाद सिंह, बेरमो पुलिस निरीक्षक रोहित कुमार सिंह, जरीडीह पुलिस निरीक्षक, पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा, तेनुघाट ओपी प्रभारी अजीत कुमार, गोमिया थाना प्रभारी नित्यानंद भोक्ता सहित अनुमंडल के सभी पुलिस निरीक्षक और थाना प्रभारी मौजूद थे.
