सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ, कथारा क्षेत्र के अनेकों कार्यकर्ताओं ने दिया इस्तीफा
कथारा
भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ के कथारा क्षेत्र के अनेकों कार्यकर्ताओं ने संघ के वरीय पदाधिकारियों को अपना इस्तीफा सौंप दिया है. इस्तीफा देने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व जेसीसी सदस्य, पूर्व सेफ्टी सदस्य एवं पूर्व कल्याण सदस्य सीसीएल आर इग्नेस, संगठन के पूर्व क्षेत्र सचिव राज कुमार मंडल और पूर्व क्षेत्र सह सचिव देवनारायण यादव शामिल हैं. इनके साथ ही कथारा क्षेत्र की परियोजनाओं के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी अपनी सदस्यता वापस लेने के लिए प्रबंधन को लिखित त्यागपत्र दे दिया है.

ज्ञात हो कि हाल ही में संघ की केंद्रीय कार्य समिति का चुनाव हुआ था, जिसमें क्षेत्र के एक विवादास्पद व्यक्ति को पदाधिकारी बनाए जाने का विरोध किया गया था. विरोध के बावजूद केंद्रीय नेतृत्व द्वारा उस व्यक्ति को संघ का केंद्रीय पदाधिकारी बनाए जाने के कारण बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपना इस्तीफा दे दिया.
इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं ने बताया है कि मजदूरों के हित में जल्द ही किसी अन्य श्रमिक संघ में शामिल होने का निर्णय लिया जाएगा. इन इस्तीफों के कारण संघ की क्षेत्रीय सदस्यता में भारी कमी आने का अनुमान है.
