तालाब में स्नान करने के दौरान सीसीएल कर्मी डूबा, खोजबीन जारी
गोमिया
गोमिया प्रखंड अंतर्गत खुदगड़ा ग्राम के महतो अहरा (तालाब) में शनिवार देर शाम स्नान करते समय सीसीएल कर्मी अजीत यादव (35 वर्ष) फिसलकर गहरे पानी में चला गया. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन रात के अंधेरे के कारण उसका कोई पता नहीं चल पाया. परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है. घटना की जानकारी मिलने पर गोमिया विधायक डॉ. लंबोदर महतो, मुखिया तारामणि देवी, और पूर्व मुखिया चंद्रदीप पासवान भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली. विधायक ने गोमिया अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार महतो और थाना प्रभारी नित्यानंद भोक्ता से बात कर तालाब में गोताखोरों को तुरंत लगाने का निर्देश दिया. गोमिया पुलिस भी तालाब पर पहुंची और आवश्यक छानबीन में जुट गई है.
ग्रामीणों ने बताया कि अजीत यादव की चाची का निधन हुआ था. वह चाची के अंतिम संस्कार कर लौटा और तालाब में स्नान करने गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया. अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है. अजीत यादव सीसीएल स्वांग वाशरी में काम करता है.
