कथारा: कोल इंडिया को प्राइवेट कंपनी के हाथों बेचने की साजिश का किया विरोध
Kathara: सीसीएल कथारा क्षेत्र के जारंगडीह खुली खदान में सीटू ने गुरुवार को आयोजित पीट मीटिंग में कोल इंडिया को प्राइवेट कंपनियों के हाथों में सौंपने की साजिश का विरोध किया. इस मीटिंग में मुख्य वक्ता प्रदीप कुमार विश्वास और विजय भोई ने मजदूरों को एमडीओ मोड और रेवेन्यू शेयरिंग के खतरों के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि कोल इंडिया को धीरे-धीरे आउटसोर्सिंग के माध्यम से प्राइवेट कंपनियों को दिया जा रहा है, जिससे स्थाई मजदूरों की जरूरत समाप्त हो सकती है और कोयला उद्योग का मुनाफा निजी कंपनियों को होगा.
उन्होंने मजदूरों से एकजुट होकर एमडीओ मोड और रेवेन्यू शेयरिंग का पूर्ण जोर विरोध करने का आह्वान किया. इस मीटिंग का उद्देश्य मजदूरों को जागरूक करना और उन्हें एकजुट करना था ताकि मजदूर विरोधी नीतियों का सख्त विरोध किया जा सके. मीटिंग में सुरेश कुमार, मुस्तफा अंसारी, नरेश राम, बैजनाथ मंडल, अजय रविदास, मो सहजाद, राकेश प्रसाद, नौसाद खां, रमेश पासवान सहित अन्य कई लोग उपस्थित थे.
