गोमिया: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर टोला सभा का किया गया आयोजन
Gomia: विश्व आदिवासी दिवस पर शुक्रवार को प्रखंड के तुलबुल के बिरहोर टंडा में टोला सभा का आयोजन किया गया. इस मौके पर बोकारो के उप विकास आयुक्त गिरजा शंकर प्रसाद खास तौर पर शामिल थे. वहीं बीडीओ महादेव कुमार महतो, सीओ प्रदीप कुमार महतो, सियारी पंचायत के मुखिया रामबृक्ष मुर्मू, तुलबुल पंचायत की मुखिया, पिरामल फाउंडेशन के कॉर्डिनेटर सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के महिला और पुरुष उपस्थित थे.
गोमिया आकांक्षी प्रखंड होने की वजह से सियारी, तुलबुल एवं कुंदा पंचायत के बिरहोर टंडा में बिरहोर परिवार के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस मौके पर बिरहोर परिवार के बीच साड़ी-धोती का भी वितरण किया गया. डीडीसी ने बताया कि आज विश्व आदिवासी दिवस है. इस अवसर पर जनजाति समूह के बीच उनकी सभ्यता और संस्कृति को अक्षुण बनाए रखने के लिए सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के साथ उन्हें जोड़ा जा रहा है. कहा कि आदिवासी समुदाय प्रकृति पूजक हैं. निरंतर प्रकृति की रक्षा और संरक्षण उनके जीवन का हिस्सा है. आदिवासी और प्रकृति एक दूसरे के पूरक हैं. आदिवासी समाज हमारे पर्यावरण के मुख्य संरक्षक हैं. हमें पर्यावरण संरक्षण एवं अपनी संस्कृति के बारे में बहुत कुछ सीखने को मिलता है. हम सभी को एकजुटता के साथ मिलजुल कर समाज के उत्थान एवं विकास के बारे में सोचने की आवश्यकता है. सरकार द्वारा आदिवासी समूह के कल्याण के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं.जिसका लाभ उन्हें लेना चाहिए. मौके पर कई ग्रामीण उपस्थित थे.
