नावाडीह: कोइ भी लाभुक मंइयां योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे: बेबी देवी
Nawadih: नावाडीह प्रखंड में आयोजित मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के विशेष कैंप का निरीक्षण शुक्रवार को झारखंड की महिला एवं बाल विकास मंत्री, बेबी देवी, ने किया. इस अवसर पर उन्होंने बिरनी, सुरही, सहरिया, और बाराडीह पंचायतों में चल रहे कैंपों का दौरा किया और पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि 21 से 49 वर्ष की कोई भी गरीब महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रह जाए.
मंत्री बेबी देवी ने बीडीओ प्रशांत कुमार हेंब्रम और सीओ अभिषेक कुमार को निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी भी गरीब महिला को इस योजना का लाभ नहीं मिला, तो संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि यदि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में कोई कठिनाई आ रही है, तो अधिकारी सभी महिलाओं के फॉर्म ऑफलाइन लेकर उन्हें विभाग में जमा करें, ताकि योजना का लाभ हर पात्र महिला तक पहुंच सके.
इस मौके पर मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष विश्वनाथ महतो, जयनाथ महतो, झामुमो नेता महबूब आलम, अन्नू खान, बिनय कुमार, अभिनाश कुमार, काली महतो और अन्य प्रमुख लोग शामिल थे.
